BREAKING NEWS: “26 साल का इंतज़ार खत्म!” रामपुरा के वीर सपूत शहीद बद्री प्रसाद राय कुंवर को मिला गौरवपूर्ण सम्मान, शहीद दिवस पर गूंजा पूरा नगर, पढ़े खबर

BREAKING NEWS: “26 साल का इंतज़ार खत्म!” रामपुरा के वीर सपूत शहीद बद्री प्रसाद राय कुंवर को मिला गौरवपूर्ण सम्मान, शहीद दिवस पर गूंजा पूरा नगर, पढ़े खबर

रिपोर्ट :- रुपेश सारु 

रामपुरा। नगर की पावन धरती के वीर सपूत शहीद बद्री प्रसाद राय कुंवर को उनके बलिदान के 26 वर्ष बाद सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद दिवस के अवसर पर नगर के शहीद स्मारक में उनकी भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया, जिसने पूरे क्षेत्र को गर्व और भावनाओं से भर दिया।

प्रतिमा का अनावरण क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारु तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के डीआईजी द्वारा किया गया। जैसे ही प्रतिमा से आवरण हटाया गया, पूरा परिसर “शहीद बद्री प्रसाद अमर रहें” के जयघोष से गूंज उठा और माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।

इस गरिमामय आयोजन में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीमा जितेंद्र जागीरदार, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग, CRPF के जवान, रामपुरा थाना स्टाफ, पत्रकार बंधु एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान शहीद परिवार के सदस्यों की आंखों में गर्व के साथ भावुकता के आंसू भी छलक उठे। इस अवसर पर विधायक श्री मारु ने शहीद परिवार को सम्मानित करते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा शहीद दिवस को “नगर गौरव दिवस” के रूप में मनाना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि शहीद बद्री प्रसाद राय कुंवर का बलिदान पूरे रामपुरा के लिए प्रेरणास्रोत है, और वर्षों के लंबे इंतजार के बाद स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और समर्पण का संदेश देती रहेगी।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शहीद परिवार के हर सुख-दुख में पूरा विधानसभा क्षेत्र उनके साथ खड़ा रहेगा और उन्हें हर संभव सम्मान व सहयोग मिलता रहेगा।

रामपुरा का यह शहीद स्मारक अब न केवल श्रद्धा का केंद्र बन गया है, बल्कि हर वर्ष शहीद दिवस को भव्य रूप से मनाने की प्रेरणा भी देगा। कार्यक्रम का संचालन अजय विश्वास जोशी ने किया, जबकि आभार मुख्य नगर पालिका अधिकारी के. सूर्यवंशी द्वारा व्यक्त किया गया।