BIG NEWS: योग की ऊर्जा से गूंजा मेडिकल कॉलेज परिसर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर छात्रों, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, पढ़े खबर

BIG NEWS: योग की ऊर्जा से गूंजा मेडिकल कॉलेज परिसर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर छात्रों, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास, पढ़े खबर

नीमच। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वीरेंद्र कुमार सकलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नीमच में उत्साह, उमंग और स्वास्थ्य जागरूकता के साथ भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध नेफ्रालॉजिस्ट डॉ. राजेंद्र एरन उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रह्माकुमारी श्रुति दीदी, श्री संदीप खाविया एवं योग गुरु भरतराम पाटीदार ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। योग गुरु भरतराम पाटीदार ने छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है।

मुख्य अतिथि डॉ. राजेंद्र एरन ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। ब्रह्माकुमारी श्रुति दीदी ने योग को आत्मिक शक्ति और आंतरिक शांति का माध्यम बताते हुए युवाओं से इसे दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के डीन डॉ. आदित्य वेरड़ ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास प्रदान करने का प्रभावी साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।

योग दिवस के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं द्वारा योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता विषयक आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए गए। इन पोस्टरों के माध्यम से योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मृदुल त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त चिकित्सकगण, छात्र-छात्राएं, इंटर्न एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।