NEWS: नीमच में आंगनवाड़ी टेक होम राशन व्यवस्था होगी और मजबूत, स्व-सहायता समूहों को मिला सख्त प्रशिक्षण, गुणवत्ता से समझौते पर FIR तक की चेतावनी, पढ़े खबर

NEWS: नीमच में आंगनवाड़ी टेक होम राशन व्यवस्था होगी और मजबूत, स्व-सहायता समूहों को मिला सख्त प्रशिक्षण, गुणवत्ता से समझौते पर FIR तक की चेतावनी, पढ़े खबर

नीमच। मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार जनपद पंचायत नीमच के सभाकक्ष में 'सांझा चूल्हा' योजना के अंतर्गत टेक होम राशन (THR) का वितरण कर रहे स्व-सहायता समूहों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास समिति के सभापति रतनलाल मालवत उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी, नीमच ग्रामीण ने किया, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण परियोजना की क्षेत्र पर्यवेक्षकों द्वारा दिया गया। कार्यशाला में समूहों को शासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और परिशिष्टों की जानकारी दी गई। बताया गया कि 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को 725 ग्राम तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं को 850 ग्राम प्रति पैकेट के मान से हर माह दो चरणों में पूरक पोषण आहार वितरित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान उचित मूल्य दुकानों से खाद्यान्न उठाव, सुरक्षित भंडारण, FSSAI गुणवत्ता मानकों का पालन, पैकेजिंग पर समूह का नाम, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और आवश्यक वैधानिक संदेश अंकित करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही मास्क, ग्लव्स, एप्रन और हेड कैप पहनकर स्वच्छता के साथ राशन निर्माण एवं पैकेजिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। कार्यशाला में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 'पोषण ट्रैकर' ऐप पर फेस रिकग्निशन के माध्यम से हितग्राहियों का ऑनलाइन सत्यापन करने और स्व-सहायता समूहों को निर्धारित पावती पत्रक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

गुणवत्ता नियंत्रण के लिए हर माह सीलबंद सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि राशन की गुणवत्ता खराब पाई गई या खाद्यान्न के विचलन अथवा अवैध विक्रय की शिकायत मिली, तो भुगतान रोका जाएगा, अनुबंध निरस्त किया जाएगा तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्व-सहायता समूहों को ₹200 के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर शपथ-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि नीमच ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण टेक होम राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित किया जा सके।