NEWS: रामपुरा में त्योहारों से पहले प्रशासन सक्रिय,शांति समिति बैठक में दिए गए ये आवश्यक दिशा-निर्देश,पढ़े खबर

NEWS: रामपुरा में त्योहारों से पहले प्रशासन सक्रिय,शांति समिति बैठक में दिए गए ये आवश्यक दिशा-निर्देश,पढ़े खबर

रिपोर्ट: रुपेश सारु 

रामपुरा। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से थाना परिसर रामपुरा में आज दोपहर 12 बजे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली दहन, धूलेंडी, रमजान और ईद जैसे प्रमुख पर्वों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर जोर दिया गया।

बैठक में महिला सुरक्षा विभाग एवं मनासा प्रभारी निकिता सिंह ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी त्योहार सौहार्द और समन्वय के साथ मनाए जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों को व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि होली दहन 2 मार्च को तथा धूलेंडी पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष चर्चा की गई।

इस अवसर पर थाना प्रभारी विपिन मसीह, विद्युत विभाग के सहायक यंत्री हरीश जोशी, नगर परिषद से नंदलाल प्रजापत, राजस्व विभाग के अधिकारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, नगर के नागरिक, पत्रकारगण एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।