BIG NEWS: रात के अंधेरे में MP-RJ के ड्रग नेटवर्क पर पिपलियामंडी पुलिस बड़ा वार, दबोचे 2 अंतरराज्यीय तस्कर,किया 100 ग्राम MD और 5.166 किलो डोडाचूरा जब्त, पढ़े खबर
मंदसौर। मुख्यमंत्री के नशा मुक्ति अभियान "नशे से दूरी, है जरूरी! 2.0" के तहत मंदसौर जिले की पिपलियामंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश और राजस्थान से जुड़े दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम एमडी (MD), 5.166 किलोग्राम डोडाचूरा, आईफोन-11 और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल जब्त की गई है। कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के पर्यवेक्षण में जिलेभर में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

रात्रि कॉम्बिंग गश्त के दौरान बालागुढ़ा-बही पार्श्वनाथ रोड स्थित डुंगलावदा फंटा बालाजी मंदिर के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बालागुढ़ा की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम नितेश पाटीदार निवासी ग्राम राजाखेड़ी, थाना नई आबादी (मंदसौर) तथा दूसरे ने विपिन शर्मा निवासी ग्राम पिल्लू, थाना रठांजना (जिला प्रतापगढ़, राजस्थान) बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100 ग्राम एमडी, 5.166 किलोग्राम डोडाचूरा, एक एप्पल आईफोन-11 तथा बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के विरुद्ध थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 8/15 एवं 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में अन्य तस्करों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
जप्त मशरूका
100 ग्राम एमडी (कीमत लगभग ₹1,00,000)
5.166 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत लगभग ₹10,000)
एप्पल आईफोन-11 (कीमत ₹20,000)
बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (कीमत ₹30,000)

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, उपनिरीक्षक रितेश डामोर, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र सिंह चौहान, विजय परमार, आरक्षक रिंकु सिंह, पवन पाटीदार, राहुल पाटीदार तथा चालक चिंटू मेघवाल की सराहनीय भूमिका रही