NEWS: जय बाबा री के जयकारों से गूंज उठा चीताखेड़ा, जगह-जगह हुआ बाबा रामदेव जी की सवारी का स्वागत, पढ़े खबर

चीताखेड़ा। लोक देवता बाबा रामदेव जी के मेले के अवसर पर रामदेवरा जाने वाले पैदल यात्रियों की टोलियों और बाबा रामदेव जी की सवारी (बेवाण) का चीताखेड़ा में जगह-जगह श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। सवारी के नगर भ्रमण के दौरान मुख्य बाजार जयकारों से गूंजता रहा।

रेगर समाज मोहल्ले स्थित बाबा रामदेव मंदिर से परंपरानुसार बाबा रामदेव जी की फूलों से सजी झांकी निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में पंचरंगी निशान ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए मुख्य बाजार से आगे बढ़े। सवारी के साथ श्रद्धालुओं की मौजूदगी और जयघोष से पूरे माहौल में धार्मिक उत्साह नजर आया।

नंगे पैर हाथों में ध्वज थामे श्रद्धालु गांव के मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड स्थित रेगर धर्मशाला पहुंचे। यहां समाजजनों की ओर से विभिन्न आयोजन किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

बाबा रामदेव जी की सवारी के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी एवं युवा मौजूद रहे। इस दौरान “जय बाबा री” के जयकारों से चीताखेड़ा का बाजार गूंजता रहा।